गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर

अक्षय कुमार : अजब-गजब

अक्षय कुमार : अजब-गजब -
PR


9 सितंबर 1967 को अमृतसर में अक्षय कुमार का जन्म हुआ। उन्होंने मुंबई में भी पढ़ाई की और बाद में मार्शल आर्ट सीखने वे बैंकॉक गए।

अक्षय बेहद अनुशासित तरीके से जिंदगी जीते हैं। उनके जागने और सोने का समय तय है। रात को 9.30 बजे ‍वे बिस्तर पर चले जाते हैं और सुबह चार बजे उठते हैं। यदि रात को सोने में देर भी हो जाए तो भी वे चार बजे ही उठते हैं। इसीलिए फिल्मी पार्टियों से दूर रहते हैं। अपनी डाइट को लेकर भी वे बेहद सतर्क हैं।

वर्ष में दो बार वे घूमने जाते हैं। एक बार पत्नी ट्विंकल और बेटे अराव के साथ और दूसरी बार अराव के साथ। ज्यादातर वे ऐसा देश चुनते हैं जहां उन्हें कोई नहीं जानता हो। वे वहां कार से घूमते हैं। रोड साइड होटलों में रूकते हैं और जिंदगी को नजदीक से जानने की कोशिश करते हैं।

आउटडोर गेम्स और स्टंट्स करना उन्हें बेहद पसंद है। ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ की शूटिंग के दौरान अक्षय ने अंडरटेकर नामक पहलवान को उठा लिया था, जिससे उन्हें कमर में दर्द की लंबे समय तक शिकायत रही। अपने इसी स्वभाव के कारण अक्षय ने ‘खतरों के खिलाड़ी : फियर फैक्टर’ नामक टीवी शो से जुड़ना पसंद किया और इसको होस्ट किया।

संघर्ष के दिनों में जब अक्षय कुमार को पता चला कि राजेश खन्ना अपनी नई फिल्म के लिए अभिनेता ढूंढ रहे हैं तो वे खन्ना साहब के दफ्तर पहुंच गए। दो-तीन घंटे तक उन्हें बिठाए रखा और बाद में यह कहकर जाने को कहा कि राजेश खन्ना मिल नहीं पाएंगे। अक्षय बताते हैं कि उन्होंने उस वक्त सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन वे इसी इंसान (राजेश खन्ना) के दामाद बनेंगे।

महिलाओं की अक्षय बेहद इज्जत करते हैं और उन्हें पुरुषों से ज्यादा ताकतवर मानते हैं। शायद इसीलिए वे अपनी मां, बहन, पत्नी और सास के बेहद नजदीक हैं।