बुधवार, 17 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi
Last Modified: गुरुवार, 23 अप्रैल 2009 (16:37 IST)

पाकिस्तान दुनिया के लिए खतरा

पाकिस्तान दुनिया के लिए खतरा -
अमेरिकी संसद की विदेशी मामलों की समिति के समक्ष हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि पाकिस्तान दुनिया के लिए 'घातक खतरा' बनता जा रहा है।

हिलेरी ने कहा कि स्वात घाटी जैसे इलाके को तालिबान और अन्य चरमपंथी ताक़तों को सौंपकर पाकिस्तान सरकार अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हट रही है।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि न सिर्फ पाकिस्तानी अधिकारियों को, बल्कि पाकिस्तानी जनता और देश से बाहर रह रहे पाकिस्तानियों को उस नीति के खिलाफ जमकर आवाज उठानी चाहिए, जिसके तहत एक के बाद एक इलाके तालिबान, अल-कायदा और उनके सहयोगी चरमपंथियों को सौंपे जा रहे हैं।

हिलेरी क्लिंटन ने पाकिस्तान की न्याय व्यवस्था की भी आलोचना की और कहा कि यह एक ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था है जो कि शहरी सीमा से बाहर बिल्कुल बेअसर है।

अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत हुसैन हक्कानी ने हिलरी क्लिंटन के आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि पाकिस्तान ने तालिबान के तुष्टिकरण की नीति नहीं अपनाई है।

तालिबान से समझौता : इसके पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने स्वात घाटी शरीयत कानून लागू करने के लिए तालिबान से समझौता कर लिया था।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान सरकार ने स्वीकार किया था कि तालिबान ने देश के एक नए हिस्से में अपना प्रभाव बढ़ा लिया है जो राजधानी इस्लामाबाद से केवल सौ किलोमीटर दूर है।

गृह मामलों पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के सलाहकार रहमान मलिक ने इस बात की पुष्टि की थी कि तालिबान विद्रोहियों ने सीमावर्ती िले बुनेर के कई हिस्सों पर नियंत्रण कर लिया है। बूनेर मालाकंद इलाके का एक हिस्सा है जहाँ पिछले दिनों इस्लामी शरीयत कानून लागू करने के बारे में समझौता हुआ था।

पिछले दिनों पाकिस्तान सरकार ने कट्टर धार्मिक नेताओं के साथ एक शांति समझौता किया था जिसके तहत स्वात घाटी में शरीयत कानून को मानने और तालिबान ने संघर्ष विराम की हामी भरी थी।

स्वात घाटी में नवंबर, 2007 से सरकारी सेनाओं और चरमपंथियों के बीच खूनी संघर्ष होते रहे हैं जिसमें अब तक कम से कम 1200 आम नागरिक मारे गए हैं।