शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. विश्व कप क्रिकेट 2015
  3. समाचार
  4. World Cup Cricket 2015
Written By
Last Updated :मुंबई , मंगलवार, 27 जनवरी 2015 (23:26 IST)

भारत विश्व कप नहीं जीत सकता : सट्‍टा बाजार

भारत विश्व कप नहीं जीत सकता : सट्‍टा बाजार - World Cup Cricket 2015
मुंबई। 14 फरवरी 2015 से शुरु हो रहे विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत विजेता बनने का दावेदार नहीं है। यह आकलन क्रिकेट विशेषज्ञों का नहीं है बल्कि सट्‍टा बाजार का है। क्रिकेट के सटोरिये संयुक्त मेजबान ऑस्ट्रेलिया को अभी से चैम्पियन मान रहे हैं। सट्‍टा बाजार में भारत फिलहाल चौथे नंबर है, जिसके विश्व खिताब (2011) की रक्षा करने की उम्मीद नहीं है। 
सटोरियों के अनुसार वे ऐसा मानकर चल रहे हैं कि 2015 का क्रिकेट विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया होगा, जो न्यूजीलैंड के साथ इस विश्व कप की संयुक्त मेजबानी कर रहा है। सट्‍टा बाजार में सबसे कम भाव ऑस्ट्रेलिया का 2 रुपए 40 पैसे है जबकि चौथे नंबर पर रखे गए मौजूदा विश्व चैम्पियन भारत का भाव 6 रुपए 30 पैसे है।

सटोरियों ने ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरा संभावित विजेता दक्षिण अफ्रीका को रखा है। दक्षिण अफ्रीका का भाव 4 रुपए 30 पैसे खोला गया है। 5 रुपए 30 पैसे के साथ न्यूजीलैंड की टीम तीसरे नंबर पर चल रही है।  
यूं भले ही सट्‍टा बाजार भारत को विश्व चैम्पियन नहीं बनवा रहा है लेकिन ये बात भी सामने आई है कि 15 फरवरी को जब भारत और पाकिस्तान की टीमें विश्व कप में आमने सामने होंगी, इसी अकेले मैच पर भारत में 50 हजार करोड़ का सट्‍टा लगने वाला है। इस मैच के लिए अभी से सट्‍टेबाज अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। 
 
सूत्रों के अनुसार सट्‍टेबाज भारत को इस विश्व कप में कमतर इसलिए आंक रहे हैं क्योंकि भारतीय क्रिकेट टीम के लिए ऑस्ट्रेलियाई पिचें हमेंशा से अबूझ पहेली रहीं हैं। भारत ने कभी ऑस्ट्रेलिया में हैरतअंगेज प्रदर्शन नहीं किया है। यहां की उछाल भरी विकेट पर भारतीय बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सकते हैं। 
 
यूं देखा जाए तो सट्‍टा बाजार में फिलहाल शुरुआती रुझान सामने आए हैं। अगले महीने 3 फरवरी के बाद जब विश्व कप में खेल रही सभी टीमें एक-दूसरे से मुकाबले खेलना बंद करके अभ्यास मैच खेलना शुरू करेंगी, तब सट्‍टा बाजार की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। यही नहीं विश्व कप के दावेदारों में उतार चढ़ाव भी सामने आएंगे। 
 
वर्ल्ड कप में खेल रही टीम इंडिया को सट्‍टा बाजार इसलिए भी कम आ रहा है क्योंकि इस टीम में सहवाग, युवराज और गंभीर जैसे अनुभवी खिलाड़ी नदारद हैं। 'यंगिस्तान' पर सट्‍टेबाज ज्यादा जोखिम लेने से कतरा रहे हैं।  
 
भारत में जहां एक ओर 14 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में शुरू होने वाले विश्व कप के लिए सटोरिये अपनी जाजम बिछा चुके हैं, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेद्र फड़नवीस भी सट्‍टेबाजी पर नकेल डालने के लिए कमर कस चुके हैं। मुख्यमंत्री के मुंबई पुलिस को स्पष्ट निर्देश हैं कि वह अभी से सटोरियों पर निगाह रखना शुरू कर दें।  
 
मुंबई पुलिस के प्रवक्ता धनंजय कुलकर्णी ने बताया कि पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने खास तौर पर निर्देश दिए हैं कि मुंबई के जितने भी सटोरिये रिकॉर्ड पर हैं, उन पर कड़ी नजर रखी जाए और क्रिकेट पर होने वाली सट्‍टेबाजी पर अंकुश लगाया जाए।
 
कुलकर्णी ने बताया कि यह बताया कि अगर जरूरत पड़े तो सटोरियों पर ऐहतियातन कार्रवाई भी की जाए और जिस भी पुलिस स्टेशन इलाके में सटोरिये सट्टा लगाते हुए पकड़े जाएंगे, उस पुलिस स्टेशन के थाना इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है। सरकार के निर्देश और पुलिस की कार्रवाई अपनी जगह है... क्रिकेट के सटोरियों पर कोई फर्क नहीं पड़ता...इन सट्‍टेबाजों ने अभी से विश्व कप में हिस्सा ले रही टीमों पर सट्टा लगाना शुरू भी कर दिया है। (वेबदुनिया न्यूज)