शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. विश्व कप क्रिकेट 2015
  3. समाचार
  4. World cup 2015, India team, Best Performer in World cup
Written By
Last Modified: शनिवार, 28 मार्च 2015 (11:33 IST)

भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रहे शिखर और यादव

भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रहे शिखर और यादव - World cup 2015, India team, Best Performer in World cup
नई दिल्ली। विश्व कप के सेमीफाइनल में सहमेजबान ऑस्ट्रेलिया से 95 रन से हारकर अपना ताज गंवा बैठी टीम इंडिया के लिए इस टूर्नामेंट में ओपन शिखर धवन और तेज गेंदबाज उमेश यादव सर्वश्रेष्ठ रहे।
शिखर ने 8 मैचों में 51.50 के औसत से भारत की ओर से सर्वाधिक 412 रन बनाए जिसमें 2 शतक और 1 अर्द्धशतक शामिल है। उमेश यादव ने सेमीफाइनल में अपने 4 विकेटों की बदौलत सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाला भारतीय बनने की होड़ में मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ दिया। यादव ने 8 मैचों में 17.83 के औसत से 18 विकेट हासिल किए।
 
बल्लेबाजी में शिखर के बाद रोहित शर्मा (330) रन बनाकर दूसरे स्थान पर रहे जबकि विराट कोहली 305 रन के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इनके बाद सुरेश रैना (284), कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (237) और अजिंक्य रहाणे (208) का नंबर आया। 
 
गेंदबाजी में उमेश यादव (18) के बाद मोहम्मद शमी ने 17, मोहित शर्मा ने 13, रविचंद्रन अश्विन ने 13 और रवीन्द्र जडेजा ने 9 विकेट लिए। क्षेत्ररक्षण के लिहाज से उमेश यादव ने सर्वाधिक 8 और शिखर ने 7 कैच लपके। रैना ने 6, शमी ने 5, विराट ने 5 और रहाणे ने 5 कैच लपके। 
 
विकेटकीपिंग में कप्तान धोनी विकेट के पीछे 15 शिकार के साथ फाइनल से पहले तक सबसे आगे हैं। हालांकि फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर ब्रैड हैडिन और न्यूजीलैंड के विकेटकीपर ल्यूक रोंची के पास धोनी को पीछे छोड़ने का मौका रहेगा। हैडिन ने अब तक 14 और रोंची ने 13 शिकार किए हैं। 
 
भारत का इस विश्व कप में सर्वाधिक स्कोर 7 विकेट पर 307 रन रहा, जो उसने ग्रुप चरण में मेलबर्न में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। भारत ने बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ भी 300 रन का आंकड़ा छूआ। 
 
विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर बनाने का श्रेय शिखर और रोहित के नाम संयुक्त रूप से रहा। शिखर ने मेलबर्न में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 137 और रोहित ने इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 137 रन बनाए। 
 
शिखर ने टूर्नामेंट में हैमिल्टन में आयरलैंड के खिलाफ 100 रन बनाए थे। भारत के अन्य शतकधारियों में सुरेश रैना (नाबाद 110) और विराट कोहली (107 रन) शामिल रहे। (वार्ता)