दो दिन पहले बेटी की मौत की खबर सुनकर सदमे में आए माता-पिता ने शनिवार को ससुराल वालों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया। कोतवाली पर पहुँचे मृतक के परिजनों की माँग पर पुलिस ने एसडीएम से अनुमति लेकर कब्र से शव बाहर निकलवाया। बाद में चिकित्सकों की पेनल से पोस्टमार्टम कराया गया। अब जाँच रिपोर्ट के बाद ही तय हो सकेगा कि मामला हत्या का है या स्वाभाविक मौत का।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर लगभग 2.30 बजे एक दर्जन से अधिक लोग यास्मीन बी पति सैफुद्दीन निवासी प्रतापगढ़ (राज.) के साथ शहर कोतवाली पहुँचे। यास्मीन बी ने बताया कि कांॅच की मस्जिद के पास रहने वाली बेटी सुल्ताना उर्फ गौरी पति इरफान (22) के ससुरालवालों ने 1 मार्च को सुबह 7 बजे उसकी मौत की सूचना दी थी। जब तक वे मंदसौर पहुँचते, ससुरालवालों ने आनन-फानन में गौरी के शव को दफना दिया। बेटी के मौत के गम में हम सुध-बुध खो बैठे थे।
शनिवार को किसी ने बताया कि गौरी के चेहरे पर चोट के निशान थे और हो सकता है कि ससुरालवालों ने उसकी हत्या की हो। अतः शव को कब्र से निकालकर पीएम कराया जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस पर टीआई आरडी मिश्रा ने एसडीएम लक्ष्मी गामड़ से अनुमति लेकर परिजनों, प्रशासकीय व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में गौरी के शव को कब्र से बाहर निकाला। इसके बाद उसे जिला चिकित्सालय भेजकर चिकित्सकों की पैनल से पोस्टमार्टम कराने को कहा गया। मामले में अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
डेढ़ साल पहले हुई
शादी, बेटी भी है
मृतक के परिजनों ने बताया कि डेढ़ साल पहले ही गौरी की शादी इरफान से हुई थी। गौरी के चार माह की बेटी आलिया भी है। इरफान वेन चलाता है। तीन-चार दिन पहले गौरी नीमच निवासी अपने मामा शौकत हुसैन के यहांॅ भी इरफान के साथ गई थी। तब तक इनके बीच सब कुछ ठीक चल रहा था। अचानक 1 मार्च को यह सूचना मिली की गौरी का इंतकाल हो गया। वहीं कुछ लोगों ने इरफान के संबंध किसी दूसरी महिला से होने की बात भी कही है। इन्हीं कुछ आधारों पर परिजन आशंका जता रहे हैं कि गौरी की किसी कारणवश हत्या तो नहीं कर दी गई।
** परिजनों की संतुष्टि जरूरी
परिजनों को आशंका है कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। उन्हें संतुष्ट करना जरूरी है। इसीलिए शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पीएम के लिए भिजवाया है। जांॅच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-लक्ष्मी गामड़, एसडीएम
** रिपोर्ट आने पर कार्रवाई करेंगे
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसके पति व ससुराल पक्ष वालों ने बेटी की हत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।