बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. विधानसभा चुनाव 2017
  3. उत्तरप्रदेश
  4. Uttar Pradesh Assembly election 2017
Written By

सांप्रदायिक ताकतों को हराने के लिए गठबंधन किया : अखिलेश

सांप्रदायिक ताकतों को हराने के लिए गठबंधन किया : अखिलेश - Uttar Pradesh Assembly election 2017
बाराबंकी। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने पिता और पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव समेत गठबंधन की आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस गठबंधन सांप्रदायिक ताकतों को हराने के लिए किया गया है।

मुख्यमंत्री ने यहां रामनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सांप्रदायिक ताकतें देश में जातिवाद और धर्म की राजनीति कर एक-दूसरे के बीच में जहर घोलने का काम कर रही हैं। इस दौर में सांप्रदायिकता सबसे बड़ी समस्‍या है। सां‍प्रदायिक ताकतें देश की गंगा-जमुनी तहजीब और कौमी एकता के लिए खतरा बन गई हैं।
 
यादव ने कहा कि गठबंधन 2 कुनबों का नहीं, बल्कि 2 युवाओं का है। यह गठबंधन सूबे में सरकार बनाने का काम करेगा। लोगों को भरोसा है कि गठबंधन की सरकार बनेगी। विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों में हुए मतदान में जनता ने भरपूर समर्थन दिया है और तीसरे चरण में भी उनके समर्थन की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा जब दिल बड़ा होता है तो दोस्ती मजबूत होती है। इसलिए, कांग्रेस को अधिक सीटें दी।
यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा और बसपा का खेल कोई नहीं समझ सकता। बुआजी (मायावती) और भाजपा फिर से रक्षाबंधन मनाएंगे। बुआ ने हार मान ली है इसीलिए पहले ही कह दिया है कि वे विपक्ष में बैठना चाहती हैं।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के असत्य वादों से लोग परेशान हैं। मोदी ने जनता से किए अपने कितने वादों को पूरा नहीं किया। विदेशों से कालाधन लाने की बात, लोगों को उनके खातों में 15-15 लाख रुपए जमा करने या बेरोजगारों को नौकरी देने के वादे, कुछ तो बताएं। रेडियो पर केवल लुभावने 'मन की बात' करने से काम नहीं चलता उन्हें धरातल पर साकार करना पड़ता है।
 
उन्होंने कहा कि मोदीजी ने 500 और 1,000 रुपए के नोटबंदी कर क्या हासिल किया, क्या कालाधन समाप्त हो गया? बैंको में कितने पैसे जमा कराए गए। उन्होंने लोगों को अपने ही पैसों के लिए लाइन में खड़ा कर दिया गया। लाइन में लगे कितने ही लोगों की जाने चली गईं। इनका यही काम दिखलाई पड़ता है। समाजवादियों के बराबर काम किया हो तो जवाब दें। नोटबंदी से अर्थव्यवस्था चौपट हो गई।
 
उन्होंने कहा कि बसपा ने जनता के अरबों-खरबों रुपए मूर्ति और स्मारकों पर खर्च किए। हाथी बेकाबू हुआ तो और नुकसान होगा। यादव ने कहा कि हम अपने उन साथियों को कभी नहीं छोड़ सकते जिन्होंने उनकी मदद की। साइकिल को छिनने और बचाने में पार्टी के महासचिव अरविंद सिंह गोप ने बड़ी मदद की है। हम उन्हें कभी नहीं छोड़ सकते।
 
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी हम लोगों से झगड़ा करना चाहते हैं, दूसरी तरफ विरोधियों के साथ हमें अपने भी हराना चाहते हैं। साइकिल ने लोगों को सम्मान दिलाया आज वही हराना चाहते हैं। बेनी प्रसाद वर्मा का नाम लिए बगैर अपने परिवार के लिए टिकट मांगने वाले हमें लड़ा रहे हैं। कमाल के लोग हैं कि पिताजी से लड़ाई करवा दी। हम किस-किस से लड़ें। यह सपा कार्यकर्ताओं के लिए अग्निपरीक्षा की घड़ी है। जनता-जनार्दन के सहयोग से सूबे में सपा की सरकार बनेगी।
 
सपा ने गरीबों, किसानों के लिए बहुत काम किया है। सरकार आने पर पहला काम किसानों की और सहायता के साथ प्रदेश का अधिक विकास किया जाएगा। हर गरीब को समाजवादी पेंशन दी जाएगी। अगर सपा की सरकार नहीं बनी तो हमारा और आपका नुकसान होगा। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
विकास की आस लिए कानपुर तलाशेगा अपने नए खेवनहार को