गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. Share market
Written By
Last Modified: मुंबई , शुक्रवार, 21 नवंबर 2014 (17:39 IST)

सेंसेक्स, निफ्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड

सेंसेक्स, निफ्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड - Share market
मुंबई। शेयर बाजार में शुक्रवार को तीन सप्ताह में सबसे अच्छी तेजी दर्ज की गई। कोटक महिंद्रा-आईएनजी वैश्य के विलय की घोषणा से बैंकों के शेयरों में आई तेजी से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 267 अंक की तेजी के साथ नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 75.45 अंक की तेजी के साथ नई ऊंचाई पर बंद हुआ।
 
कारोबारियों के अनुसार संसद के शीतकालीन सत्र में सुधारों को आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद से भी धारणा मजबूत हुई। साथ ही बुनियादी ढांचे के विकास के लिए तेजी से मंत्रिमंडल की मंजूरी से भी धारणा को बल मिला।
 
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए में भी सुधार हुआ और यह 61.78 पर कारोबार कर रहा था। रुपया गुरुवार को नौ महीने के निम्न स्तर 62.25 पर चला गया था।
 
बैंक खंड के अलावा पूंजीगत वस्तुओं, उपभोक्ता टिकाऊ, तेल एवं गैस, एफएमसीजी, वाहन, रीयल्टी तथा बिजली कंपनियों के शेयरों में तेजी से भी बीएसई सेंसेक्स 267.07 या 0.95 प्रतिशत की तेजी के साथ नई रिकॉर्ड उंचाई 28,334.63 पर बंद हुआ। इससे पहले, 17 नवंबर को यह रिकॉर्ड 28,177.88 अंक पर बंद हुआ था।
 
कारोबार के दौरान यह 28,360.66 अंक तक चला गया था। इससे पहले 19 नवंबर को यह कारोबार के दौरान 28,294.01 अंक तक गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 75.45 अंक या 0.90 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,477.35 की नई ऊंचाई पर बंद हुआ। इससे पहले 17 नवंबर को यह रिकॉर्ड 8,430.75 अंक के स्तर पर था।
 
कारोबार के दौरान निफ्टी 8,489.80 अंक की नई उंचाई पर चला गया। इससे पहले, 19 नवंबर को यह 8,455.65 अंक के स्तर पर गया था। (भाषा)