शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. BSE, Sensex, Stock market
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 16 मार्च 2018 (18:07 IST)

सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा टूटा

सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा टूटा - BSE, Sensex, Stock market
मुंबई। अधिकतर एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार से तेलुगुदेशम पार्टी (तेदेपा) के अलग होने की आधिकारिक घोषणा से घरेलू शेयर बाजार ने बड़ी तेजी से गोता लगाया। धातु और तेल एवं गैस क्षेत्र में जारी बिकवाली के दबाव में बीएसई का सेंसेक्स 509.54 अंक लुढ़ककर 33,176.00 अंक पर और एनएसई का निफ्टी 165 अंक फिसलकर 10,195.15 अंक पर बंद हुआ।


दोनों सूचकांकों का यह 7 मार्च के बाद का निचला स्तर है जबकि शुक्रवार की गिरावट 6 फरवरी के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है। बाजार में दिनभर बिकवाली हावी रही। अमेरिका-चीन के बीच जारी तनातनी के कारण उत्पन्न हुई भू-राजनीतिक अस्थिरता और तेदेपा के नए बयान से निवेश धारणा कमजोर पड़ गई है। वैश्विक रुख भी निवेश के लिहाज से नकारात्मक बना हुआ है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हर कदम एशियाई बाजारों के लिए नई निराशा लेकर आ रहा है। करीब 60 अरब डॉलर के चीन से आयातित वस्तुओं पर आयात शुल्क लगाने की ट्रंप की योजना से वैश्विक व्यापार युद्ध की चिंता बढ़ गई है। इसके अलावा निवेशक इस बात से भी आशंकित हैं कि ट्रंप की संरक्षणवादी नीति यहीं तक सीमित नहीं रहने वाली है।

बौद्धिक संपदा के मामले को लेकर भी चीन और अमेरिका के बीच नया विवाद शुरू होने की खबरें आ रही हैं। सेंसेक्स की शुरुआत सपाट हुई। यह 33,685.86 अंक पर खुला और शुरुआती कारोबार में 33,691.32 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बीएसई के सभी समूहों में बिकवाली शुरू हो गई और यह 33,119.32 अंक के निचले स्तर तक चला गया।

अंतत: यह गत दिवस की तुलना में 1.51 प्रतिशत लुढ़ककर 33,176.00 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की मात्र 4 कंपनियां हरे निशान में जगह बना पाईं और शेष 26 लाल निशान में रहीं। निफ्टी 15 अंकों की गिरावट के साथ 10,345.15 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान 10,346.30 अंक के उच्चतम और 10,180.25 अंक के निचले स्तर से होता हुआ यह गत दिवस की तुलना में 1.59 प्रतिशत गिरकर 10,195.15 अंक पर बंद हुआ।

निफ्टी की 41 कंपनियां गिरावट में और 9 तेजी में बंद हुईं। बीएसई में कुल 2,856 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 175 की कीमतें अपरिवर्तित रहीं जबकि 1,745 गिरावट में और 916 तेजी में रहीं। दिग्गज कंपनियों की तरह छोटी और मझौली कंपनियों पर भी बिकवाली हावी रही। बीएसई का मिडकैप 1.07 प्रतिशत यानी 175.86 अंक लुढ़ककर 16,219.13 अंक पर और स्मॉलकैप 1 प्रतिशत यानी 178.11 अंक लुढ़ककर 17,576.44 अंक पर बंद हुआ। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
इमारत से गिर रही महिला को बचाया सुपरकॉप ने