स्टार फुटबॉलर डेविड बैकहम के 'थैक्सगिविंग-डे' की छुट्टी अमेरिकी सैनिकों के साथ बिताने की योजना से उनके देश ब्रिटेश के लोग नाराज हैं और उनके ब्रिटेन के सैनिकों के साथ समय नहीं बिताने के फैसले पर सवाल उठाए जाने लगे हैं।
यह फुटबॉलर चार दिन के दौरे पर लॉस एंजिल्स गैलेक्सी के अपने साथियों के साथ जर्मनी जाएगा और वहाँ अमेरिकी सैनिकों तथा उनके परिवार से मिलेगा।
'डेली मेल' ऑनलाइन ने सवाल उठाया है कि आखिर बैकहम ब्रिटेन के सैनिकों की जगह अमेरिकी सैनिकों से मिलने क्यों जा रहे हैं?
एक्शन फोर आर्म्ड फोर्स के अध्यक्ष कर्नल बॉब स्टीवर्ट ने कहा कि कई अन्य सेलीब्रिटी हैं, जो खुश होकर ब्रिटेन के सैनिकों की मदद करते हैं।
स्टीवर्ट ने कहा कि बैकहम अमेरिकी टीम के लिए खेलते हैं और वह जहाँ जाना चाहें, जा सकते हैं। ऐसे कई लोग हैं, जो ब्रिटेन के सैनिकों के समर्थन के लिए उनकी जगह जा सकते हैं। अगर वह भविष्य में उनसे मिलना चाहतें हैं तो अच्छा है, अगर वह नहीं चाहते तो कोई और जाएगा। (भाषा)