दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर स्विस इंडोर टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुँच गए हैं, लेकिन उनके हमवतन स्टेनिस्लास वावरिंका को सर्बिया के नोवाक जोकोविच के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
घरेलू टूर्नामेंट में लगातार चौथी बार खिताब की तलाश में उतरे शीर्ष वरीय फेडरर ने क्वार्टरफाइनल में रूस के एवगेनी कोरोलोव की चुनौती को लगातार सेटों में 6-3, 6-2 से ध्वस्त करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में उनका मुकाबला हमवतन और गैरवरीय मार्को चियूडिनेली से होगा, जिन्होंने फ्रांस के रिचर्ड गेस्केट पर 6-1, 6-3 से आसान जीत दर्ज की।
लेकिन एक अन्य स्थानीय खिलाड़ी वावरिंका दुनिया के नंबर तीन खिलाड़ी और यहाँ दूसरी वरीयता प्राप्त जोकोविच के खिलाफ पहला सेट जीतने और दूसरे सेट में अच्छी स्थिति में होने के बावजूद मैच गँवा बैठे। जोकोविच ने दूसरा सेट टाईब्रेक में जीतने के बाद तीसरा सेट भी आसानी से जीतकर वावरिंका को 3-6, 7-6, 6-2 से शिकस्त दी।
सर्बियाई खिलाड़ी का सेमीफाइनल में मुकाबला चेक गणराज्य के रादेक स्तेपानेक से होगा, जिन्होंने क्वार्टरफाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त क्रोएशिया के मेरिन सिलिच को 4-6, 6-3, 6-3 से हराकर उलटफेर किया। (वार्ता)