ज्योति रंधावा ने शनिवार को डब्ल्यूजीसी एचएसबीसी चैंपियंस गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में सतर्कता से खेलते हुए लगातार दूसरे दिन दो अंडर 70 का स्कोर बनाया, जिससे वह संयुक्त छठे स्थान पर बने हुए हैं।
रंधावा का तीन दिन में कुल आठ अंडर 208 का स्कोर है। वह शीर्ष पर चल रहे फिल मिकेलसन (67) से छह शाट पीछे हैं, जो इस साल के अपने चौथे खिताब की ओर बढ़ रहे हैं।
मिकेलसन और विश्व के नंबर एक गोल्फर टाइगर वुड्स (70) को पछाड़ने के लिए उन्हें विशेष प्रयास करना होगा। वुड्स 12 अंडर के स्कोर से संयुक्त दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।
अन्य भारतीयों में जीव मिल्खा सिंह ने 70 का कार्ड किया, जिससे वह कुल एक अंडर के स्कोर से 13 स्थान की छलांग से संयुक्त 32वें स्थान पर बने हुए हैं।
सी मुनियप्पा (78) और गगनजीत भुल्लर (76) संयुक्त रूप से क्रमश: 60वें और 71वें स्थान पर हैं। (भाषा)