जोहानिसबर्ग (भाषा), शनिवार, 7 नवंबर 2009( 16:53 IST )
दक्षिण अफ्रीका की शक्तिशाली राष्ट्रीय ओलिम्पिक समिति ने कैस्टर सेमेन्या के लिंग विवाद से ठीक तरह से नहीं निपटने पर एथलेटिक्स दक्षिण अफ्रीका को निलंबित कर दिया है।
खेल परिसंघ और ओलिम्पिक समिति ने एक बयान में कहा कि निलंबन इस तथ्य पर आधारित है कि एएसए अपने अधिकारियों और पदाधिकारियों के जरिये कैस्टर सेमेन्या के मामले में र्दुव्यवहार से जुड़ा रहा है।
सितंबर में सेमेन्या के मामले की जाँच शुरू करने वाली समिति ने कहा कि हमारे बोर्ड के पास नजर रखने, नियंत्रण, प्रशासन और जरूरत पड़ने पर अपने सदस्यों की गतिविधियों के प्रबंधन का अधिकार है।
यह फैसला एसएएससीओसी के एएसए प्रमुख लियोनार्ड च्यूने को निलंबित करने के एक दिन बाद आया है। लियोनार्ड ने स्वीकार किया था कि उन्हें बर्लिन विश्व चैंपियनशिप से पहले 800 मीटर की स्वर्ण पदक विजेता सेमेन्या पर किए लिंग परीक्षण का नतीजा पता था।