समाचार | रोचक-रोमांचक | आलेख
मुख पृष्ठ » खेल-संसार » अन्य खेल » समाचार » पुरुष युगल फाइनल में देरी (Doubles final delayed)
 
शीर्ष भारतीय टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति की अपने अपने जोड़ीदारों के साथ अमेरिकी ओपन के युगल फाइनल में होने वाली भिड़ंत यहाँ लगातार बारिश के कारण देर से शुरू होगी। शनिवार को भी बारिश के कारण मैच नहीं हो सका था।

चौथे वरीय पेस और उनके चेक गणराज्य के जोड़ीदार लुकास डलूही आज दोपहर ढाई बजे (भारतीय समयानुसार करीब एक बजे) भूपति और बहामा के मार्क नोल्स की जोड़ी से भिड़ेंगे।

ऐसा पहली बार है जब पेस और भूपति किसी ग्रैंड स्लैम में खिताब के लिए एक दूसरे के सामने हैं। नडाल ग्रैंड स्लैम करियर को पूरा करने वाला सातवाँ खिलाड़ी बनने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन वह पेट की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं।

वहीं जून में फ्रेंच ओपन जीतकर यह उपलब्धि हासिल करने वाले फेडरर के दूसरे सेमीफाइनल में जीतने की पूरी उम्मीद है। अगर फेडरर सोमवार को अपने 21वें रिकॉर्ड ग्रैंड स्लैम फाइनल में खिताब जीत लेते हैं तो वह पिछले 85 वर्ष में लगातार छह अमेरिकी ओपन ट्रॉफी जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएँगे।

इस खिताब से उनके करियर के ग्रैंड स्लैम की संख्या 16 हो जायेगी, जो पीट सैम्प्रास से दो ट्रॉफी ज्यादा होगी।

अगर वह ऐसा कर लेते हैं तो उनके करियर में यह चौथी बार होगा कि वह वर्ष के चार ग्रैंड स्लैम फाइनल में से तीन में जीत दर्ज करने में सफल रहेंगे। इस वर्ष के शुरू में ऑस्ट्रेलिया में उन्हें पाँच सेट तक चले खिताबी मुकाबले में उन्हें नडाल से हार का सामना करना पड़ा था।
संबंधित जानकारी खोजें