नई दिल्ली (वार्ता) , शुक्रवार, 24 जुलाई 2009( 18:18 IST )
हाल ही में गठित हुई नियामक संस्था हॉकी इंडिया के प्रतीक चिह्न 'लोगो' का यहाँ अनावरण किया गया।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष एके मट्टू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विद्या स्टोक्स, महासचिव असलम खान, भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच होजे ब्रासा, सहायक कोच हरेन्द्र सिंह और कप्तान संदीप सिंह ने संवाददाता सम्मलेन में इस लोगो का अनावरण किया।
हॉकी इंडिया के इस लोगो में 24 हॉकी स्टिक्स बनी हुई हैं और देखने में यह बिल्कुल 'अशोक चक्र' की तरह लगता है। इस अवसर पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मट्टू ने कहा हमारे इस लोगो से यह पता चलता है कि हम एकबार फिर विश्व विजय करेंगे। हम सम्राट अशोक की तरह हॉकी में चक्रवर्ती कहलाएँगे और हॉकी को अपने पुराने गौरव को वापस दिलाएँगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम इस नए लोगो से प्रेरणा लेकर बेहतर प्रदर्शन करेगी और देश को हॉकी में उसके पुराने गौरव को वापस दिलाएगी।