पीट सैम्प्रास ने सर्वाधिक ग्रैंड स्लैम जीतने का अपना रिकॉर्ड तोड़ने वाले रोजर फेडरर को टेनिस का अब तक का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी करार दिया। फेडरर ने कल अमेरिका के एंडी रॉडिक को सवा चार घंटे तक चले पाँच सेटों के मुकाबले में हराकर छठा विम्बलडन और 15वाँ ग्रैंड स्लैम जीता।
सैम्प्रास ने कहा कि मेरे हिसाब से वे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। लोगों ने उनके रॉफेल नडाल के हाथों हारने को लेकर आलोचना भी की लेकिन मेरी नजर में वे सर्वश्रेष्ठ हैं। वे महान खिलाड़ी हैं।
सैम्प्रास ने भविष्यवाणी की कि 27 बरस के फेडरर अभी और ग्रैंड स्लैम जीतेंगे। उन्होंने कहा कि वे 17-18 खिताब जीत सकते हैं। वे अभी 27 बरस के हैं और स्वस्थ रहने पर और खिताब जीत सकते हैं।
आखिरी बार 2002 में खिताब जीतने वाले सैम्प्रास खासतौर पर फेडरर का मैच देखने यहाँ आए थे। उन्होंने कहा कि उनका खेल अद्भुत है। उनकी सर्विस दमदार होती है और फोरहैंड के साथ बैकहैंड भी देखने लायक रहता हैं। मैं उनका मुरीद हूँ। कोर्ट के भीतर और बाहर वे शानदार खिलाड़ी हैं। |