एंडी रोडिक को मैराथन मुकाबले में हराकर सर्वाधिक ग्रैंड स्लैम जीतने वाले रोजर फेडरर को टेनिस के दिग्गजों ने महान करार दिया है।
फेडरर की जीत पर अमेरिकी दिग्गज पीट सैम्प्रास का कहना है कि फेडरर की जीत के पहले उनका नाम दिग्गज के रूप में लिया जाता था लेकिन विंबलडन में जीत के बाद से उनका नाम दिग्गज के रूप में लिया जाएगा और वह एक आइकान खिलाड़ी के रूप में जाने जाएँगे।
सैम्प्रास ने कहा कि 15 गैंड स्लैम जीतना कोई आसान काम नहीं है इसके लिए फेडरर ने काफी मेहनत की है और इसके लिए उन्हें श्रेय दिया जाना चाहिए।
फेडरर की जीत पर तीन बार के विम्बलडन चैम्पियन जर्मनी के बोरिस बेकर ने कहा कि इस साल मई में फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने के बाद उन्होंने अपने करियर में चारों गैंड स्लैम जीत लिए हैं और उनकी नजर में वह टेनिस की दुनिया के सबसे महान पुरुष खिलाड़ी हैं।
इस संबंध में रॉड लेवर का कहना है कि वह आज वह क्या बढि़या शॉट लगा रहे थे और वह भी ऐसी पोजिशन से जहाँ से कि शाट लगाना आसान नहीं होता। उन्होंने फेडरर की 15वीं ग्रैंड स्लैम जीत को अदभुत करार दिया।
11 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले ब्योन बोर्ग का इस संबंध में कहना है कि जिन खिलाडि़यों ने टेनिस खेला है रोजर फेडरर उनमें महानतम हैं।
शनिवार को विम्बलडनके महिला एकल का खिताब जीतने वाली सेरेना विलियम्स का कहना है कि वह एक महान एथलीट हैं जिनका नाम सदा सम्मान के साथ लिया जाएगा। |