मार्क नोल्स और अन्ना लेना ग्रोएनफिल्ड की जोड़ी ने लिएंडर पेस और कारा ब्लैक की जोड़ी को रविवार को फाइनल मुकाबले में हराकर विंबलडन में मिश्रित युगल का खिताब जीत लिया।
बहमास के नोल्स और जर्मनी की ग्रोएनफिल्ड की नौवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत के पेस और जिम्बाब्वे के कारा ब्लैक की जोड़ी को एक घंटे और 28 मिनट में 7-5, 6-3 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
नोल्स और ग्रोएनफिल्ड का इस साल का यह पहला बड़ा खिताब है। पहले सेट में पेस और ब्लैक ने नोल्स और ग्रोएनफिल्ड की जोड़ी को तगड़ी टक्कर दी लेकिन वह सिर्फ पाँच गेम ही जीत सके और 7-5 से सेट गँवा बैठे।
दूसरे सेट में तो शीर्ष वरीय इस जोड़ी की हालत और भी खराब रही और मात्र तीन गेम ही जीत सके। इस हार के साथ ही पेस-ब्लैक की जोड़ी को उपविजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा। |