देश भर में एस्ट्रो टर्फ की उपेक्षा से वाकिफ खेलमंत्री एमएस गिल ने कहा कि कृत्रिम टर्फ के रख-रखाव पर नजर रखने के लिए अगले सप्ताह से उचित व्यवस्था की जाएगी।
यहाँ भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में नई बिछाई गई एस्ट्रो टर्फ का उद्घाटन करने के बाद गिल ने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि एस्ट्रो टर्फ का उचित रख रखाव हो।
उन्होंने कहा कि मैं ऐसी व्यवस्था तैयार करूँगा, जिससे टर्फ के रख रखाव पर नजर रखी जा सके। इसके लिए तकनीकी महारत वाले लोगों को शामिल किया जाएगा। गिल ने कहा कि कुछ दूसरे देशों की तरह यहाँ कृत्रिम टर्फ का रख-रखाव उतना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा कि हॉकी खेलने वाले सभी प्रमुख देशों इंग्लैंड, हॉलैंड, जर्मनी, बेल्जियम में सबसे ज्यादा एस्ट्रो टर्फ है और उसके रख रखाव के लिए काफी पानी की जरूरत होती है। इन देशों की परिस्थितियों में उसका रख रखाव आसान होता है।
गिल ने यह भी कहा कि साइ केंद्रों में अधिक से अधिक भारतीय और विदेशी कोचों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी देश में 35.40 विदेशी और 1300 भारतीय कोच हैं। यदि विदेशी कोचों के आने से पदक मिलते हैं तो हम ज्यादा से ज्यादा विदेशी कोच लाएँगे। |