टेनिस के बादशाह रोजर फेडरर ने अपने सर्विस गेम और महत्वपूर्ण अवसरों पर अंक जुटाने के कौशल का बेजोड़ नमूना पेश करते हुए शुक्रवार को यहाँ जर्मनी के टॉमी हास को सीधे सेटों में हराकर विंबलडन में लगातार सातवीं बार और कुल 20वें ग्रैंडस्लैम फाइनल में जगह बनाई।
पाँच बार के विंबलडन चैंपियन फेडरर ने हास को 7-6, 7-5, 6-3 से हराया। रिकॉर्ड 15वें ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने की कवायद में लगे इस स्विस खिलाड़ी का खिताबी मुकाबला ब्रिटेन के एंडी मरे और अमेरिका के एंडी रोडिक के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
महान खिलाड़ी रॉड लीवर और ब्योर्न बोर्ग की रॉयल बॉक्स में उपस्थिति के बीच खेले इस मैच में विश्व के नंबर दो फेडरर ने 31 वर्षीय जर्मन खिलाड़ी के खिलाफ सर्विस का बेहतरीन खेल दिखाया और एक भी ब्रेक प्वाइंट नहीं दिया।
फेडरर ने मैच के बाद कहा कि टॉमी बेहतरीन फार्म में हैं और इसलिए मैं जानता था कि वहाँ खतरा हो सकता है। मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूँ और एक अन्य फाइनल में पहुँचना अविश्वसनीय है।
उन्होंने फाइनल के संदर्भ में कहा कि पिछले वर्षों में मैं बहुत दबाव में रहा लेकिन मैं अब एक और शानदार मैच खेलने और इतिहास रचने की तरफ ध्यान दे रहा हूँ। रोडिक के खिलाफ मैंने कई अच्छे मैच खेले हैं। आप उनकी करारी सर्विस को कम करके नहीं आँक सकते। मरे स्वदेश में खेल रहे हैं और उनके खिलाफ मेरा रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं है। पिछले 18 महीने में उसने दिखाया कि वे ग्रैंडस्लैम के मजबूत दावेदार हैं। पहले सेट में सर्विस का दबदबा रहा, लेकिन फेडरर टाइब्रेकर में मजबूत साबित हुए। उनके पास तीन सेट प्वाइंट थे, जब हास ने बैकहैंड नेट पर मार दिया। फ्रेंच ओपन के चौथे दौर में इसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ पहले दो सेट गँवाने के बाद वापसी करने वाले फेडरर के लिए यह स्वप्निल शुरुआत थी।
अपने पहले विंबलडन सेमीफाइनल में खेल रहे विश्व के पूर्व नंबर दो खिलाड़ी हास ने दूसरे सेट में 4-5 के स्कोर पर एक सेट प्वाइंट बचाया लेकिन 12वें गेम में हास का फोरहैंड जब बाहर चला गया तो स्विस खिलाड़ी ने दो सेट की बढ़त हासिल कर ली। हास ने इसके बाद तीसरे सेट के आठवें गेम में चार ब्रेक प्वाइंट बचाए, लेकिन फेडरर दो घंटे में मैच अपने नाम करने में सफल रहे।
इससे पहले महिला वर्ग के एकल में खिताबी मुकाबले तक पहुँचीं विलियम्स बहनों वीनस और सेरेना ने युगल के फाइनल में भी प्रवेश किया। |