ओलिम्पिक काँस्य पदक जीतने के बाद अब विश्व चैंपियनशिप में सोने का तमगा हासिल करके इतिहास रचने की तैयारियों में जुटे पहलवान सुशील कुमार ने अपना यह सपना पूरा करने के लिए रीयल्टी शो 'दस का दम' में शामिल होने का सलमान खान का प्रस्ताव ठुकरा दिया।
सुशील को कुश्ती का ककहरा सिखाने वाले कोच महाबली सतपाल ने बताया कि सुशील को कुश्ती ने बनाया है और उसे अभी काफी कुछ हासिल करना है इसलिए वह केवल अपनी तैयारियों में ध्यान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि 'पहले नच बलिये' की तरफ से 55 लाख रुपये का ऑफर मिला था और अब 'दस का दम' वाले भी उसे लेना चाहते थे लेकिन हमने कह दिया कि शिविर में अभ्यास में व्यस्त होने के कारण उसके पास समय नहीं है।
बीजिंग ओलिम्पिक में सुशील की तरह ही काँस्य पदक जीतने वाले मुक्केबाज विजेंदर सिंह 'दस का दम' में मल्लिका सेहरावत के साथ आये थे। इसके बाद अगले शो के लिये निर्माता सुशील को लेना चाहते थे लेकिन इस पहलवान ने यह कहकर प्रस्ताव ठुकरा दिया कि वह अपना ध्यान नहीं बँटाना चाहते हैं।
इस बीच सुशील ने कहा कि उनका लक्ष्य डेनमार्क में 21 से 27 सितंबर तक होने वाली विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करना है और इसके लिये वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं। |