रूसी सुंदरियाँ दिनारा साफिना और एलेना देमेंतिएवा अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद विलियम्स बहनों वीनस और सेरेना को विम्बलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में एक बार फिर पहुँचने से रोक पाने में नाकाम रहीं। दोनों बहनों के बीच महिला एकल के सिरमौर के लिए शनिवार को जंग छिड़ेगी।
हालाँकि चौथी वरीयता प्राप्त देमेंतिएवा ने दूसरी वरीयता प्राप्त सेरेना को जोरदार टक्कर दी लेकिन विलियम्स बहनों में छोटी सेरेना ने हार के कगार से वापसी करते हुए अपना सेमीफाइनल मैच 6-7, 7-5, 8-6 से जीत लिया।
मगर शीर्ष वरीयता प्राप्त दिनारा तो पाँच बार की चैंपियन वीनस को तनिक भी टक्कर नहीं दे पाईं और महज 51 मिनटों में 1-6, 0-6 की शर्मनाक हार को गले लगा बैठीं।
विलियम्स बहनों का टेनिस जगत के सर्वाधिक प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम के खिताबी मुकाबले में एक-दूसरे से टकराने का यह चौथा प्रसंग होगा। वैसे वीनस का यह आठवाँ फाइनल है जबकि सेरेना पाँचवीं बार यहाँ खिताबी मुकाबले तक पहुँची हैं।
ऑल इंगलैंड क्लब के खूबसूरत स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को महिला टेनिस की दिग्गजों के बीच दो अलग-अलग तरह के मुकाबले देखने को मिले1 सेरेना और देमेंतिएवा के बीच जहाँ एक-एक अंक के लिए नजदीकी टक्कर हुई और उनकी जंग करीब तीन घंटे तक चली वहीं वीनस और दिनारा के बीच खेला गया मैच तो पूरी तरह एकतरफा रहा1
महिला एकल के पहले सेमीफाइनल में अमेरिका की सेरेना अपने जज्बेभरे प्रदर्शन की वजह से चौथी वरीयता प्राप्त देमेंतिएवा की कड़ी चुनौती से पार पाने में सफल रहीं1 एक समय तो वे दूसरे सेट में मैच प्वाइंट से पीछे चल रही थीं लेकिन अपने जुझारूपन के लिए मशहूर सेरेना ने जोरदार वापसी करते हुए जीत दर्ज कर ली।
हालाँकि मैच की शुरुआत में दोनों ही खिलाड़ी थोड़ी नर्वस नजर आ रही थीं। हालत तो यह हो गई कि सेरेना और देमेंतिएवा दोनों ने ही अपने-अपने पहले सर्विस गेम गँवा दिए। मगर उसके बाद दोनों ही खिलाड़ियों ने बेसलाइन से ताकतवर सर्विस और कोर्ट पर अपनी कलाबाजी का बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले सेट में मामला धीरे-धीरे टाइब्रेकर तक पहुँच गया और देमेंतिएवा इसे 7-4 से जीतकर इस साल सेरेना से सेट छीनने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।
पहला सेट 7-6 से जीतने से उत्साहित देमेंतिएवा ने दूसरे सेट में भी अच्छी शुरुआत की लेकिन सेरेना उनकी सर्विस तोड़ने में सफल रहीं। हालाँकि इस सेट में 6-5 के स्कोर पर सर्विस कर रहीं सेरेना को देमेंतिएवा ने मुश्किल में डाल दिया था, लेकिन अमेरिकी खिलाड़ी ने झन्नाटेदार एस शॉट लगाते हुए इसे 7-5 से जीतकर मैच में बराबरी हासिल कर ली।
तीसरे सेट की शुरुआत में ही देमेंतिएवा सेरेना की सर्विस तोड़ते हुए 3-1 की बढ़त लेने में सफल रहीं। उनके पास यह सेट जीतकर सेरेना का फाइनल में पहुँचने का सपना तोड़ने का बड़ा सुनहरा मौका था लेकिन वे मैच प्वाइंट गँवा बैठीं।
सेरेना ने इसका पूरा लाभ उठाते हुए न सिर्फ देमेंतिएवा की सर्विस तोड़कर 7-6 की बढ़त बनाई बल्कि अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए यह सेट और मैच जीतने में भी सफल रहीं। |