महेश भूपति और मार्क नोएल्स की जोड़ी एक रोमांचक मुकाबले में वेस्ले मूडी और डिक नारमन की जोड़ी से हारकर विम्बलडन टेनिस चैंपियनशिप से बाहर हो गई।
भूपति और नोल्स की चौथी वरीयता प्राप्त जोडी को मूडी और नार्मन की नौवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने बेहद संघर्षपूर्ण क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 7-6, 4-6, 7-6, 5-7, 6-4 से हरा दिया। हालाँकि भूपति-नोल्स ने तीन घंटे 37 मिनट तक संघर्ष किया लेकिन उन्हें आखिर में हार ही मिली।
इस हार से भूपति का विम्बल्डन अभियान निराशाजनक तरीके से समाप्त हो गया। इससे पहले वे सानिया मिर्जा के साथ खेलते हुए मिश्रित युगल में पहले ही अपनी चुनौती समाप्त कर चुके थे।
हालाँकि दक्षिण अफ्रीका के मूडी और बेल्जियम के नार्मन के खिलाफ भूपति और नोल्स ने शुरुआत अच्छी की लेकिन उन्हें एक-एक अंक के लिए जूझना पड़ रहा था। पहला सेट टाइब्रेकर तक खिंच गया जिसमें मूडी-नार्मन ने बाजी मार ली लेकिन अगले ही सेट में भूपति और नोल्स ने जोरदार वापसी की।
लेकिन तीसरे सेट में उन्हें एक बार फिर टाइब्रेकर में मात खानी पड़ी जो कि मैच के नतीजे के लिहाज से निर्णायक साबित हुई। हालाँकि उन्होंने चौथा सेट 7-5 से जीतकर मैच को पाँचवें सेट तक पहुँचा दिया लेकिन यह सेट उन्हें 4-6 से हारकर निराश होना पड़ा। इसके साथ ही भूपति और नोल्स का खिताबी अभियान यहीं पर थम गया। |