खेल मंत्रालय से मिली चेतावनी से अभी तक आहत ओलिम्पिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार का मानना है कि उन्होंने पिछले सप्ताह जर्मन ग्राँप्री में स्वर्ण पदक जीतकर आलोचकों को शांत कर दिया। हाल में थाईलैंड में आयोजित एशियाई चैम्पियनशिप में अधिक वजन हो जाने के कारण अयोग्य ठहरा दिए जाने के बाद खेल मंत्रालय की संचालन समिति ने सुशील को चेतावनी दी थी।
इस चेतावनी से आहत सुशील कुमार ने डोर्टमंड में आयोजित जर्मन ग्राँप्री प्रतियोगिता के 66 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार वापसी की है।
उन्होंने कहा कि खेल मंत्रालय से मिली चेतावनी के बाद मैं काफी दुःखी हो गया था, इसलिए मुझे जर्मनी में आयोजित प्रतियोगिता जीतकर अपने को सही साबित करना था और अब मेरे द्वारा यह पदक जीतने से आलोचक शांत हो गए होंगे।
उन्होंने कहा कि वजन ज्यादा होने के मामले को कुछ ज्यादा ही तूल दे दिया गया था। मैंने उस प्रतियोगिता में अपना वजन कम करने का पूरा प्रयास किया था। सुशील ने कहा कि मेरा अगला लक्ष्य सितंबर में डेनमार्क में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। |