विश्व चैंपियन इटली ने मोंटेनेग्रो को 2-0 से हराकर दक्षिण अफ्रीका में 2010 में होने वाले विश्व कप फुटबॉल के लिए क्वालिफाई करने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाए।
इटली अब जर्मनी और हॉलैंड के साथ मजबूत स्थिति में पहुँच गया है। उसकी तरफ से आंद्रिया पिर्लो और जियामपोलो पाजिनी ने गोल किए। आयरलैंड और बुल्गारिया के बीच मैच 1-1 से बराबर छूटने के कारण वह अपने ग्रुप में चोटी पर पहुँच गया है।
जर्मनी ने लिचेंस्टीन को आसानी से 4-0 से हराकर यूरोपीय क्वालिफाइंग ग्रुप में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा जबकि हॉलैंड ने स्कॉटलैंड को एमस्टर्डम में 3-0 से हराया। एक अन्य मैच में फ्रांस ने लिथुवानिया को 1-0 से पराजित किया। |