फ्रैब्रिस सांतोरो ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई ओपन के तीसरे राउंड में एंडी रॉडिक से शिकस्त के बाद ग्रैंडस्लैम टेनिस को अलविदा कह दिया। उनके मुताबिक यह उनका अंतिम ग्रैंडस्लैम मैच था। छत्तीस वर्षीय सांतोरो ने 1991 में अपना पहला ग्रैंडस्लैम खेला था और यह मेलबर्न में उनका 18वाँ वर्ष था। टेनिस के महान खिलाड़ी पीट सम्प्रास ने 2002 में इस फ्रांसिसी से तीन सेट में हारने के बाद उन्हें जादूगर कहा था। सम्प्रास ने रिकॉर्ड 14 ग्रैंडस्लैम एकल खिताब अपने नाम किए हैं। सांतोरो 66 ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के एकल में कभी भी क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सके हैं। मैच के अंत में टेनिस ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें शैंपेन की बोतल दी और रात्रिभोज का निमंत्रण दिया। वर्ष 2006 के क्वार्टर फाइनल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था। उन्होंने कहा कि यह मेरा सबसे पसंदीदा स्थान रहा है। रॉडिक ने सांतोरो को बधाई दी। रॉडिक ने कहा वह जितने वर्ष तक टेनिस में रहा है, यही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। |