अगले वर्ष जनवरी के पहले सप्ताह में यहाँ शुरू हो रहे एटीपी वर्ल्ड टूर चेन्नई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में दुनिया के नंबर पाँच खिलाड़ी रूस के निकोलेय देविदेंको कोर्ट पर अपनी चमक बिखेरेंगे।
चेन्नई में 5 से 11 जनवरी तक चलने वाले चार लाख पचास हजार डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में दुनिया के टाप 100 में से 15 खिलाड़ी भाग ले रहें हैं।
चेन्नई ओपन के इस 14 वें संस्करण में इसबार जबर्दस्त प्रतियोगिता देखने को मिलेगी। पहली बार इस टूर्नामेंट में शीर्ष छह जोड़ीदार विश्व नंबर दो, विश्व नंबर तीन और विश्व नंबर छह खेलती नजर आएँगी। भारतीय हीरो लिएंडर पेस तथा लुकास डलोही और महेश भूपति तथा मार्क नोल्स की जोडी भी अपनी सरजमीं पर जोर आजमाइश करेंगी।
देविदेंको के अलावा बीजिंग ओलिम्पिक के युगल स्पर्धा के स्वर्ण पदक विजेता दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी स्विटजरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका, दुनिया के 23वें नंबर के खिलाड़ी क्रोएशिया के मारिन सिलीक, दुनिया के 26वें नंबर के खिलाड़ी क्रोएशिया के इवा कारलोविक, विम्बलडन के सेमीफाइनलिस्ट जर्मनी के रैनर शटलर, दो बार के चैंपियन स्पेन के कार्लोस मोया और 2006 चेन्नई ओपन चैंपियन क्रोएशिया के इवान लुइजिबीक अपने शानदार खेल इस बार प्रतियोगिता और ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाएँगे। |