ढाँचागत सुविधाओं के समय पर तैयार न हो पाने के कारण स्थगित हुए 34वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन अब अगले साल 15 से 28 फरवरी तक किया जाएगा।
राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति के सचिव एसएम हाशमी ने आज यहाँ बताया कि भारतीय ओलिम्पिक संघ (आईओए) ने इन खेलों के आयोजन की नई तारीखों को अपनी मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि जनवरी तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिये जाएँगे।
दरअसल 34वें राष्ट्रीय खेलों की शुरुआत आज से ही यहाँ होनी थी, लेकिन स्टेडियम और अन्य ढाँचागत सुविधाएँ समय पर तैयार न हो पाने के कारण झारखंड के अनुरोध पर इसे स्थगित कर दिया गया था।
राज्य की राजधानी राँची के अलावा जमशेदपुर और धनबाद में भी कुछ खेल स्पर्द्धाएँ आयोजित होंगी। इसके लिए आधारभूत ढाँचा तैयार करने के वास्ते एक हजार करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
हाशमी ने बताया कि सभी राज्य ओलिम्पिक संघों और खेल संगठनों को अपने खिलाड़ियों तथा सहसोगी स्टाफ की सूची तैयार करके जल्द से जल्द भेजने को कह दिया गया है। |