भारत की स्टार सानिया मिर्जा विश्व टेनिस की जारी ताजा रैंकिंग में महिला एकल में चोटी की 100 खिलाड़ियों से बाहर हो गईं। कलाई में परेशानी के कारण लगभग चार महीनों से कोर्ट से दूर सानिया पिछले सप्ताह 100 वें नंबर पर थीं। लेकिन ताजा रैंकिंग में वह 344 अंकों के साथ एक पायदान उतर कर 101 वें नंबर पर हैं।
हैदराबाद की सानिया ने पहली बार 2005 में चोटी की 100 खिलाड़ियों में जगह बनाई थी। वह पिछले साल अगस्त में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 27वें नंबर पर पहुँच गई थीं।
सानिया इस साल अच्छी शुरुआत करते हुए ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे राउंड तक पहुँची थीं। लेकिन ऑपरेशन के बावजूद कलाई की चोट फिर उभर आने के कारण बीजिंग ओलिम्पिक के बाद से वह प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकी हैं।
22 साल की सानिया ने अब तक डब्ल्यू टीए का एक एकल और सात युगल खिताब जीता है। वह युगल की रैंकिंग में पिछले सप्ताह के अपने 61 वें स्थान पर बनी हुई हैं।
इस बीच पुरुषों की युगल रैंकिंग में महेश भूपति छठे और लिएंडर पेस 10 वें नंबर पर बरकरार हैं। पुरुष एकल में स्पेन के राफेल नडाल पहले स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर दूसरे और सर्बिया के नोवाक जोकोविच तीसरे नंबर पर हैं।
महिलाओं में भी सर्बिया की येलेना यानकोविच पहले अमेरिका की सेरेना विलियम्स दूसरे और रूस की दिनारा सफीना तीसरे नंबर पर बनी हुई हैं। |