भारतीय ओलिम्पिक संगठन (आईओए) के चुनाव महज औपचारिकता रहे और सुरेश कलमाड़ी लगातार चौथी बार संगठन के अध्यक्ष चुने गए। इसके अलावा चयनित सदस्यों और कार्यकारी सदस्यों की लंबी सूची में मामूली फेरबदल के साथ कुछ नए नाम शामिल हुए हैं।
यहाँ वार्षिक साधारण सभा में संबंधित सदस्यों ने एक बार फिर उन्हीं सदस्यों को कार्यभार सौंपने का निर्णय लिया। वीके मल्होत्रा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया है, जबकि रणधीरसिंह और एके मट्टू को फिर से महासचिव और कोषाध्यक्ष चुना गया है। आईओए के चुनाव प्रत्येक चार वर्ष में होते हैं।
कलमाड़ी ने कहा कि इस निर्णय के बाद यह समिति 2012 तक रहेगी और लंदन 2012 ओलिम्पिक की जिम्मेदारी भी हम पर ही रहेगी। युवा राष्ट्रकुल खेल रविवार से प्रारंभ हो रहे हैं। 2010 में भारत के पास दो बड़ी स्पर्धाएँ हैं, राष्ट्रकुल खेल और इसके बाद विश्व कप हॉकी और इसके अगले वर्ष हम एशियाई हॉकी चैंपियनशिप भी आयोजित करेंगे। इसलिए हमारे पास इस समय बहुत काम हैं और हमें अच्छे परिणाम देने होंगे।
लेकिन हमारा मुख्य लक्ष्य 2020 के ओलिम्पिक खेल भारत में कराने का है। केपीएस गिल की हालिया टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कलमाड़ी ने कहा- सभी को अपनी बातें कहने का अधिकार है। मैं किसी को भी टिप्पणी करने से नहीं रोक सकता। हाल ही में गिल ने एक बयान में कहा था कि आईओए एक नकली संघ है। |