डूरंड कप चैम्पियन महिंद्रा युनाइटेड का सामना शनिवार को आई लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में जाइंट किलर मुंबई एफसी से होगा, जबकि मुंबई की ही एयर इंडिया टीम रविवार को कूपरेज मैदान पर कोलकाता के मशहूर क्लब मोहन बागान से भिड़ेगी।
इन दोनों मुकाबलों से पता चल जाएगा कि यह पुराना फुटबॉल क्लब अब महत्वपूर्ण मैचों के आयोजन में सक्षम है या नहीं। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने अभी तक कूपरेज मैदान को आई लीग के भावी मैचों के आयोजन के लिए हरी झंडी नहीं दी है।
खराब फॉर्म से जूझ रही महिंद्रा की टीम चर्चिल ब्रदर्स और कोलकाता के चिराग युनाइटेड एफसी से दोनों मैच हारकर खाता भी नहीं खोल सकी है। मुंबई एफसी संयुक्त रूप से शीर्ष पर है। उसने मोहन बागान और ईस्ट बंगाल जैसे धुरंधरों को हराया है। |