मुख्य पृष्ठ > खेल-संसार > अन्य खेल > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
तैयारियों से संतुष्ट हैं फेनेल  Search similar articles
राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष माइकल फेनेल ने 12 अक्टूबर से यहाँ छत्रपति शिवाजी खेल परिसर में शुरु हो रहे तीसरे युवा राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया है।

फेनेल ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन स्थल निर्धारित जरुरतों एवं ओलिंपिक के मानकों के अनुरुप तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन चिंता की मुख्य वजह होटल निर्माण में हो रही देरी है, जिसे खेल गांव की जरुरतों को पूरा करना है।

मौसम की स्थिति के बारे में कई प्रतिभागी देशों की चिंता के बारे में पूछे जाने पर फेनेल ने कहा कि दुनिया में सभी जगह की जलवायु एक जैसी नहीं है, इसलिए खिलाड़ियों को यहाँ के माहौल के अनुरुप ढलना होगा।

इससे पहले युवा राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी ने सूचित किया कि प्रसार भारती को मेजबान प्रसारणकर्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलमाड़ी ने कहा कि खेल की परंपरा के मुताबिक एक अगस्त को दिल्ली विश्वविद्यालय से 'बैटन रिले' को हरी झंडी दिखाई जाएगी। नौ राज्यों से होकर आठ हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए यह रिले आठ अक्टूबर को यहाँ पुणे विश्वविद्यालय पहुँचेगी।

उन्होंने भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विक्रम वर्मा को युवा राष्ट्रमंडल खेलों एवं 2010 में दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का महानिदेशक नियुक्त किए जाने की भी घोषणा की।

फेनेल ने शनिवार को यहाँ मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक हूपर के साथ सीजीएफ कार्यकारी बोर्ड की बैठक में हिस्सा लिया। फेनेल ने बताया कि कार्यकारी बोर्ड इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे 71 देशों के तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करेगा।

अपने लघु प्रवास के दौरान फेनेल और हूपर ने यहाँ चार जुलाई को आयोजित सौ दिवसीय महोत्सव में भी हिस्सा लिया। फेनेल ने कहा कि एशिया में पहली बार आयोजित हो रहे ऐसे खेलों के प्रति शहर के लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। फेनेल ने 'ग्लोबल वार्मिंग' और 'सेव द टाइगर' जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जुडे इन खेलों को 'ग्रीन गेम्स' की संज्ञा दी।
और भी
जापान के प्रधानमंत्री ओलिंपिक में जाएँगे
वीनस को विम्बलडन में दोहरी सफलता
वीनस से अगली बार खिताब छीन लूँगी-सेरेना
जीव मिल्खासिंह सातवें स्थान पर
फोर्स इंडिया सोमवार को करेगी शुरुआत
भारत ने गोविया सलेक्ट को हराया