विम्बलडन के ओपन एरा में पुरुष एकल में अभी तक सिर्फ दो खिलाड़ियों ब्योर्न बोर्ग और रॉजर फेडरर ने ही लगातार पाँच बार खिताब जीते हैं। सबसे सफल पुरुष टेनिस खिलाड़ी पीट सैम्प्रास भी विम्बलडन में लगातार चार ही खिताब जीत पाए हैं।
स्वीडन के बोर्ग ने 1976 से 1980 तक लगातार पाँच खिताब अपनी झोली में डाले थे। उन्होंने अपना पाँचवाँ खिताब जॉन मैकेनरो को हराकर जीता था। फेडरर ने अपना पाँचवाँ खिताब रफेल नडाल को हराकर जीता था।
बोर्ग को 1980 में मैकेनरो को हराने में 5 सेट लगे थे दूसरी तरफ फेडरर को भी 2007 में नडाल को हराने में 5 सेट लगे। मैकेनरो भी बाएँ हाथ से खेलते थे नडाल भी बाएँ हाथ से खेलते हैं।
1980 में बोर्ग 24 वर्ष के थे तथा मैकेनरो 21 वर्ष के। 2007 में फेडरर 25 वर्ष के थे और नडाल 21 वर्ष के। 1981 में बोर्ग का खेल अपने स्तर के अनुरूप नहीं रहा था। वे कंधे की चोट से पीड़ित थे और उन्हें विक्टर पैची तथा रोल्फ गैहरींग के हाथों अप्रत्याशित पराजय झेलनी पड़ी थी। विम्बलडन से पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि बोर्ग अपना खिताब बरकरार नहीं रख पाएँगे।
2008 विम्बलडन के पहले फेडरर का फार्म भी पहले जैसा नहीं रहा है। वे काफी समय बीमार रहे तथा इस वर्ष उन्हें मर्डी फिश और रादेक स्टेपानेक जैसे खिलाड़ियों से भी हार झेलनी पड़ी। फ्रेंच ओपन फाइनल में नडाल के हाथों मिली करारी हार के बाद उनके भी विम्बलडन खिताब जीतने की संभावनाएँ कम ही व्यक्त की जा रही थीं।
बोर्ग अपना छठा खिताब नहीं जीत पाए, जिमी कॉनर्स के खिलाफ बमुश्किल सेमीफाइनल जीतने के बाद बोर्ग फाइनल में मैकेनरो से 6-4, 6-7, 6-7, 4-6 से हार गए। मैकेनरो का यह पहला विम्बलडन खिताब था।
फेडरर अपने लगातार छठे खिताब के लिए रविवार को नडाल के सामने उतरेंगे। परिणाम चाहे जो रहे, लेकिन स्थितियाँ काफी कुछ ब्योर्न बोर्ग के साथ जो कुछ हुआ वैसी ही हैं। यदि नडाल जीतते हैं तो उनका भी यह पहला विम्बलडन खिताब होगा। अब देखना यह है कि क्या फेडरर के साथ भी वैसा ही होता है या वे नडाल को हराकर बोर्ग के रिकॉर्ड को तोड़ पाने में सफल होते हैं।
* दो समान खिलाड़ियों के लगातार 3 वर्षों तक फ्रेंच ओपन और विम्बलडन के फाइनल में पहुँचने का यह पहला अवसर है। * विजेता को मिलेंगे 750000 पौंड * उपविजेता को मिलेंगे 375000 पौंड * यदि फेडरर जीतते हैं तो वे ओपन एरा में लगातार छः विम्बलडन खिताब जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी होंगे। वैसे वे विम्बलडन इतिहास में लगातार 6 खिताब जीतने वाले विलियम रेनशाँ के बाद दूसरे खिलाड़ी होंगे। * यदि फेडरर जीतते हैं तो वे ब्योर्न बोर्ग के विम्बलडन में लगातार 41 मैच जीतने के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर देंगे। बोर्ग ने यह रिकॉर्ड 1976 से 1981 के बीच बनाया था। * यदि फेडरर जीतते हैं तो यह उनका 13वाँ ग्रैंड स्लैम खिताब होगा और वे पीट सम्प्रास के 14 ग्रैंड स्लैम खिताबों के रिकॉर्ड से एक खिताब ही दूर होंगे।
|