ग्रास कोर्ट के बेताज बादशाह रॉजर फेडरर और उनके प्रबल प्रतिद्वंद्वी रफेल नडाल रविवार को विम्बलडन के पुरुष एकल खिताबी मुकाबले में रविवार को आमने-सामने होंगे।
इसमें फेडरर के निशाने पर इस बार महान ब्योर्न बोर्ग के लगातार पाँच विम्बलडन खिताब जीतने के रिकॉर्ड को तोड़ना होगा। फेडरर ने इस रिकॉर्ड की पिछले वर्ष बराबरी की थी।
विश्व के दो शीर्ष टेनिस खिलाडी नंबर एक स्विट्जरलैंड के फेडरर और नंबर दो स्पेन के नडाल लगातार तीसरे विम्बलडन फाइनल में एक-दूसरे के सामने आ खड़े हुए हैं।
गत पाँच बार के चैंपियन फेडरर ने पिछले दो खिताबी मुकाबलों में नडाल को पराजित किया था। इसके अलावा स्विस खिलाड़ी नडाल से फ्रैंच ओपन के फाइनल में मिली एकतरफा पराजय का बदला भी चुकाना चाहेंगे।
फेडरर बिना कोई सेट गँवाए फाइनल में पहुँचे हैं। उन्होंने अपने खेल से बोर्ग सहित उन आलोचकों का मुँह बंद कर दिया है, जो विम्बलडन शुरू होने से पहले यह कह रहे थे कि फेडरर का समय अब खत्म हो चुका है। फेडरर ग्रास कोर्ट पर पिछले 65 मैचों से अपराजित हैं।
दूसरी तरफ नडाल ने इस वर्ष विम्बलडन में काफी जानदार खेल दिखाया है, लेकिन ग्रास कोर्ट पर 'किंग' फेडरर को अपदस्थ करने के लिए उन्हें अविश्वसनीय टेनिस का प्रदर्शन करना होगा।
बोरिस बेकर और स्टीफन एडबर्ग के 1988 से 1990 तक लगातार तीन विम्बलडन फाइनल खेलने के बाद इस टूर्नामेंट में फेडरर और नडाल पहली प्रतिद्वंद्वी जोड़ी बन गए हैं।
|