ग्रास कोर्ट के बेताज बादशाह रोजर फेडरर विम्बलडन में रविवार को जब अपने लगातार छठे फाइनल में उतरेंगे तो उनके निशाने पर महान ब्योर्न बोर्ग का रिकॉर्ड और अपने प्रबल प्रतिद्वंद्वी राफेल नडाल से बदला चुकाना होगा।
विश्व के दो शीर्ष टेनिस खिलाड़ी नंबर एक स्विटजरलैंड के फेडरर और नंबर दो स्पेन के नडाल लगातार तीसरे विम्बलडन फाइनल में एक दूसरे के सामने आ खड़े हुए हैं। गत पाँच बार के चैम्पियन फेडरर ने पिछले दो खिताबी मुकाबलों में नडाल को हराया था।
फेडरर के निशाने पर इस बार बोर्ग के लगातार पाँच विम्बलडन खिताब जीतने का रिकॉर्ड है। फेडरर ने इस रिकॉर्ड की पिछले वर्ष बराबरी की थी और इस वर्ष वे उसे तोड़ना चाहेंगे।
टॉप सीड फेडरर इस रिकॉर्ड को तोड़ने के साथ नडाल से फ्रेंच ओपन के फाइनल में मिली एक तरफा पराजय का बदला भी चुकाना चाहेंगे। फेडरर ने नडाल से होने वाले विस्फोटक मुकाबले के लिए कहा राफेल पेरिस में बेहतरीन खेले थे।
उन्होंने मुझे आसानी से हरा दिया था। इसके बाद उन्होंने क्वींस खिताब भी जीत लिया था, लेकिन आप मुझे जल्दी नजरअंदाज नहीं कर सकते, क्योंकि मैं ग्रास कोर्ट पर लगातार जीत रहा हूँ।
पहले किसी को मुझे रोकना होगा, तभी कोई यह कहे कि मेरा साम्राज्य टूट रहा है।
|