संदीपसिंह के दो गोल की मदद से भारत ने बेल्जियम को आज 6-4 से हराकर 17वें सुलतान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में खुद को होड़ में बनाए रखा।
मध्यांतर तक विजेता टीम 5-1 से आगे थी। उसकी ओर से संदीप के अलावा शिवेन्द्रसिंह ने भी दो गोल किए और दिवाकर राम और एसवी सुनील को एक-एक कामयाबी मिली। बेल्जियम की तरफ से एलेक्जेंडर डी सेडलीयर, जेरोम ट्रूइन्स, थामस ब्रेल्स और चार्ल्स वानड्यूगेल्स ने गोल किए।
शिवेन्द्र ने 11वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गेंद को गोल में डिफ्लेक्ट कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। ड्रैग फ्लिकर दिवाकर ने 23वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर ही गोल कर टीम की बढ़त को 2-0 पर पहुँचा दिया। अगले ही मिनट में सेडलीयर ने पेनल्टी कार्नर का फायदा उठाते हुए बेल्जियम का पहला गोल किया। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रमण करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाए रखा। संदीप ने 29वें मिनट में अपना पहला गोल करने में कामयाबी हासिल की।
सुनील ने 31वें मिनट में बेहतरीन गोल किया। उन्होंने सर्किल के सिरे पर गेंद संभाली। एक रक्षक को छकाते हुए आगे निकले और गोलची को चकमा देकर उसे गोल के हवाले कर दिया।
पहले हाफ के अंतिम क्षणों में भारत को चौथा पेनल्टी कार्नर मिला। संदीप ने इस पर गोल करने में कोई गलती नहीं की और भारत मध्यांतर तक 5-1 की बढ़त बना चुका था।
लेकिन दूसरे हाफ में बेल्जियम के खिलाड़ियों का मिजाज बदला हुआ था और वे भारत से आगे निकलने के लिए बेताब दिखाई दिए। थामस ब्रेल्स ने 42वें मिनट में मैदानी गोल किया। इसके दो मिनट बाद ही चार्ल्स वानड्यूगेल्स ने बेहतरीन गोल दाग दिया।
शिवेन्द्र ने 68वें मिनट में सुनील के पास पर गोल करने में सफलता प्राप्त की। टूर्नामेंट के अपने शुरुआती दो मैचों में भारत को न्यूजीलैंड और अर्जेन्टीना के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बाद कनाडा और बेल्जियम के खिलाफ जीत ने टीम में नई जान डाल दी है।
|