कनाडा के पूर्व कोच शिव जगदेव पंजाब में हॉकी कोचों को प्रशिक्षण देंगे। पंजाब खेल विभाग ने उन्हें जालंधर, अमृतसर और लुधियाना स्थित अपनी अकादमियों में अगले 15 दिन हॉकी कोचों को प्रशिक्षण देने के लिए आमंत्रित किया है।
अजलन शाह हॉकी टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम के मैनेजर और पंजाब के खेल निदेशक परगटसिंह ने कहा कि इससे हमारे स्थानीय कोचों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की जानकारी मिल सकेगी।
परगट गुरुवार सुबह ही यहाँ पहुँचे हैं। वे रमेश परमेश्वरन की जगह टीम के नए मैनेजर होंगे। उन्होंने कहा कि हमने एथलेटिक्स फुटबॉल और मुक्केबाजी कोचों को अतीत में बुलाया है। जगदेव को बुलाना भी नियमित स्तर पर विदेशी विशेषज्ञों को आयात करने की हमारी नीति का अंग है।
कनाडा जाने से पहले जगदेव पंजाब खेल विभाग के साथ कोच के रूप में काम कर चुके हैं। परगट ने बताया कि ओलिंपियन वीरेंद्रसिंह को विभाग के महिला हॉकी संबंधी कार्यक्रमों के लिए सलाहकार नियुक्त किया है।
|