जकार्ता के 'पोस्ट' अखबार के अनुसार बैडमिंटन के अहम टूर्नामेंट थामस और उबेर कप के कार्यक्रम से नाराज मेजबान इंडोनेशिया ने बहिष्कार की धमकी दी है, जबकि हॉलैंड ने लचर आयोजन को लेकर गुस्सा जाहिर किया है।
इंडोनेशिया इसलिए नाराज है कि महिलाओं की उबेर कप टीम को खिताब के दावेदार हॉलैंड और जापान से एक दिन ही भिड़ना पड़ेगा।
इंडोनेशिया बैडमिंटन संघ के अधिकारी गाँधी सुलीस्त्यांतो ने कहा कि हमने इसलिए बहिष्कार की धमकी दी है कि हमें एक दिन में दो बार खेलना पडे़गा। इस बारे में सूचना भी स्पष्ट नहीं है।
विश्व बैडमिंटन महासंघ ने कार्यक्रम में बदलाव किया है, जिससे इंडोनेशिया को रविवार को जापान से और अगले दिन होलैंड से खेलना होगा। हालैंड के कोच मार्टिजन वान दूरेमालेन ने कहा कि यह फैसला अजीब है।
होटल में पहुँचने के एक घंटे बाद ही इस परिवर्तन के बारे में बताया गया। इससे हमें अपनी खेलने की रणनीति में भारी परिवर्तन करना पड़ेगा और टीम के लाइन अप को बदलना पडेगा।
कोच ने कहा कि वे शनिवार को मैच रैफरी को अपना विरोध दर्ज कराएँगे। गौरतलब है कि रविवार से शुरू हो रहे उबेर कप में बारह टीमें भाग ले रही हैं। ओलिंपिक की तैयारियों में लगी चीन की टीम को अपने खिताब के बचाव के लिए प्रयास करना है।
|