अपनी ताकत के जोर पर दुनिया भर के पहलवानों को धूल चटाने वाले डब्ल्यूडब्ल्यूई के चैंपियन दलीपसिंह राणा उर्फ खली को चुनौती देने वाले भारतीयों में एक और नाम जुड़ गया है।
भारतीय जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन जगमीत ने खली को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह असली पहलवान हैं तो मुझसे मुकाबला करें।
स्थानीय डीएवी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र जगमीत चंडीगढ़ प्रशासन के खेल विभाग के कुश्ती कोच दर्शनलाल से पिछले पाँच वर्षों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
6 फुट 10 इंच लंबे और 125 किलोग्राम वजन के जगमीत ने कहा कि वह खली से दुनिया के किसी भी हिस्से में और किसी भी शैली में चाहे वह ग्रीको, रोमन हो अथवा फ्रीस्टाइल मुकाबला करने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि यदि खली मुझे पराजित कर देंगे तो मैं उन्हें पाँच लाख रुपए का पुरस्कार दूँगा। जगमीत ने यह भी कहा कि यदि खली विश्व स्तर के पहलवान हैं तो उन्हें 2008 के बीजिंग ओलिंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करना चाहिए और भारत के लिए पदक जीतना चाहिए।
इससे पहले पूर्व जूनियर विश्व चैम्पियन और रूस्तम-ए-हिंद पलविंदरसिंह चीमा ने खली से दो-दो हाथ करने की चुनौती देते हुए कहा था कि अगर खली उसे रिंग में पराजित कर दें तो उन्हें पाँच लाख रुपए का इनाम देंगे। चीमा ने यह भी कहा था कि वह खली से हारने की स्थिति में रुस्तम-ए-हिंद की उपाधि लौटा देंगे।
|