विश्व के नंबर एक खिलाड़ी रोजर फेडरर ने क्रोएशिया के इवो कार्लोविच को 7-6, 6-3 से हराकर रोम मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
ऑस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन नोवाक जोकोविच ने रूस के इगोर आंद्रीव को 6-3, 3-6, 6-3 से हराया, लेकिन चौथी वरीयता प्राप्त रूस के निकोलाई देविदेन्को को स्पेन के टॉमी रोब्रेडो के हाथों 6-4, 2-6, 6-7 से पराजय का सामना करना पड़ा।
कार्लोविच ने अपनी झन्नाटेदार सर्विस के बलबूते पहले सेट में फेडरर की लयात्मक टेनिस को कड़ी चुनौती दी। उन्होंने आठवें गेम में चार ब्रेक प्वाइंट बचाए।
बारहवें गेम में भी उन्होंने सेट प्वाइंट बचाया मगर टाईब्रेकर में शिकस्त खा गए। स्विटजरलैंड के फेडरर ने दूसरे सेट के पाँचवें गेम में तीन में से तीसरे ब्रेक प्वाइंट पर कामयाबी हासिल की। आखिरी गेम में फिर से कार्लोविच की सर्विस तोड़ते हुए उन्होंने मैच जीत लिया।
तीसरी वरीयता प्राप्त सर्बिया के जोकोविच अब स्पेन के निकोलस एलमैग्रो से भिडेंगे। एलमैग्रो को 12वीं वरीयता प्राप्त और पिछले साल के फाइनलिस्ट चिली के फर्नान्डो गोंजालेज के पैर की चोट की वजह से हट जाने के बाद क्वार्टर फाइनल में जगह मिल गई।
अपने हमवतन स्पेन के राफेल नडाल को हरा कर तहलका मचाने वाले जुआन कार्लोस फरेरो आखिरकार टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उन्हें स्विटजरलैंड के स्तानिस्लास वावरिंका ने 6-4, 6-3 से धुन दिया। वावरिंका का अगला मैच आठवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के जेम्स ब्लैक से होगा जिन्होंने स्पेन के फर्नान्डो वर्डेस्को को 5-7, 7-5, 6-2 से हराया।
|