विश्व की नंबर एक खिलाड़ी जस्टिन हेनिन ने ताइवान की चान युंग जान को बुधवार को यहाँ सीधे सेटों में 6-0 और 6-2 से आसानी से हराकर जर्मन ओपन के तीसरे राउंड में प्रवेश कर लिया।
अपने मनपसंद क्ले कोर्ट पर इस साल पहली बार खेल रही हेनिन ने मैच में जबर्दस्त खेल के बूते प्रतिद्वंदी को महज 58 मिनट में शिकस्त दे दी। पहला सेट 6-0 से जीतने के बाद दूसरे सेट में उन्हें दो ब्रेक प्वांइट हासिल हुए।
जीत से संतुष्ट हेनिन ने कहा कि एक साल के बाद क्ले कोर्ट पर वापसी वाले मैच में इतनी शानदार जीत मिलने से मुझे बहुत खुशी हो रही है। इस जीत से मुझे टूर्नामेंट के अगले मैचों में आक्रामक ढंग से खेलने में मदद मिलेगी।
दूसरी ओर मौजूदा चैम्पियन एना इवानोविच को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में उजबेकिस्तान की अकगुल अमनमुरादोवा के खिलाफ जीत के लिये पसीना बहाना पड़ा।
दूसरी वरीयता प्राप्त इवानोविच को क्ले कोर्ट की स्थितियों से तालमेल बैठाने में समय लगा और पहला सेट टाई ब्रेकर तक खींचा। यह सेट हालाँकि इवानोविच के पक्ष में रहा। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने यह मैच 90 मिनट में 7-6 और 6-2 से जीता।
इवानोविच ने कहा कि पिछले साल यहाँ चैम्पियनशिप जीतने से मुझमें विश्वास जागा। यह मेरे कॅरियर का यादगार लम्हा है और मैं इस जीत से बहुत खुश हूँ। एक अन्य मैच में चौथी वरीयता प्राप्त सर्बिया की येलेना यानकोविच ने चीन की पेंग शुआई को 7-5 और 6-0 से हराया।
|