फ्रेंच ओपन चैम्पियन रफेल नडाल को रोम मास्टर्स टूर्नामेंट में पहली बार पराजय का सामना करना पड़ा जब जुआन कार्लोस फरेरो ने दूसरे दौर में उन्हें 7-5, 6-1 से हरा दिया।
लगभग एक साल पहले हैम्बर्ग फाइनल में रोजर फेडरर के हाथों हारने के बाद से क्लेकोर्ट पर नडाल की यह पहली हार है। दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी नडाल की नजरें यहाँ लगातार चौथे खिताब पर थी लेकिन दाहिने पैर में छाला होने की वजह से वह खेल नहीं पाए।
विश्व रैंकिंग में कभी शीर्ष पर रहे फरेरो की नडाल के खिलाफ क्ले पर यह पहली जीत है। अन्य मैचों में ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैम्पियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच बेल्जियम के स्टीव डार्सिस को 6-4, 6-0 से हराकर तीसरे दौर में पहुँच गए।
आठवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के जेम्स ब्लैक ने इटली के आंद्रिया सेप्पी को 7-6, 3-6, 6-1 से हराया। वहीं ओलिंपिक युगल चैम्पियन चिली के फर्नांडो गोंजालेस ने रूस के एवजेनी कोरोलेव को 6-3, 6-2 से मात दी।
|