भारत का पाँच सदस्यीय एथलेटिक दल रूस के चेबोकसरी में होने वाली आईएएएफ विश्व रेस वॉकिंग कप प्रतियोगिता में भाग लेने जाएगा।
भारतीय एथलेटिक महासंघ के सचिव ललित भनोट ने बताया कि भारतीय दल वहाँ होने वाली इस 50 किलोमीटर की पैदल चाल स्पर्धा में भाग लेगा। यह स्पर्धा 10 और 11 मई को होगी। भारतीय दल में पाँच खिलाड़ियों के अलावा दो कोच भी शामिल हैं।
भनोट ने बताया कि विश्व पैदल चाल कप को विश्व एथलेटिक महासंघ की मान्यता हासिल है और 2008 के ओलिंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई टूर्नामेंट होगा।
उन्होंने बताया कि 50 किलोमीटर का ओलिंपिक क्वालीफाइंग मार्क चार घंटे (स्टैंडर्ड ए) तथा चार घंटे और सात मिनट (स्टैंडर्ड बी) रखा गया है।
भारतीय दल में चंदन सिंह, बाबुभाई केशरभाई पानुचा, हरमिंदरसिंह पारायिल, सुरेंद्रन जलान और बसंत बहादुर राणा शामिल हैं जबकि दो कोचों में निकोलई स्नेसारेव और हरमाना राम शामिल हैं।
|