अगले महीने सैफ कप अभियान से पहले भारतीय फुटबॉल टीम तीन पायदान की छलाँग लगाकर आज यहाँ जारी फीफा रैंकिंग में 151वें स्थान पर पहुँच गई।
भारत के 140 अंक हैं और वह समोआ के साथ संयुक्त रूप से इस स्थान पर काबिज है। भारत एशियाई फुटबॉल परिसंघ देशों में 26वें स्थान पर है।
भारतीय टीम तीन से 14 जून तक मालदीव में अपने सैफ कप खिताब का बचाव करेगी। श्रीलंका पिछले तीन महीनों में फिसलने के बाद इस साल चार महीनों में पहली बार ऊपर के पायदान पर छलाँग लगाने में सफल रहा है।
पाकिस्तान 161वें स्थान पर बरकरार है, जबकि बांग्लादेश के 180वें नंबर में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एशिया में जापान 37वें, ऑस्ट्रेलिया 43वें और कोरिया 50वें स्थान पर है। अर्जेंटीना पहले और ब्राजील दूसरे स्थान पर हैं।
|