बीजिंग ओलिंपिक की मशाल का माउंट एवरेस्ट तक का सफर तल्ख मौसम के कारण अब पूरा होने को है। चीनी मशालवाहक पर्वतारोहियों के दल ने बुधवार को एवरेस्ट से करीब एक किमी दूर शिविर बनाया और साफ मौसम को देखते हुए उनके सामने ओलिंपिक मशाल को 'दुनिया की छत' पर पहुँचाने में फिलहाल कोई दिक्कत नजर नहीं आ रही है।
करीब 15 दिन से भारी बर्फबारी होने से मशाल को एवरेस्ट पर ले जाने के लिए निर्धारित रास्ते बंद हो गए थे। इस कारण इसके लिए बनाई गई योजनाओं को धक्का लगा था, मगर पिछले तीन दिन से मौसम अच्छा होने से यह आशा जगी है कि ओलिंपिक मशाल की ज्योति इस सप्ताह के अंत तक 8848 मीटर ऊँचे एवरेस्ट पर भी जगमगाएगी।
मशालवाहक पर्वतारोही टीम के प्रवक्ता झांग झिजियान ने कहा मैं इस वक्त पर्वतारोहियों के ठहरने की सही स्थिति के बारे में नहीं बता सकता। यह जरूर कह सकता हूँ कि वे एवरेस्ट से करीब एक किमी दूर स्थित शिविर में हैं। मौसम अच्छा है और हमें उम्मीद है कि हमें जल्द ही अच्छी खबर मिलेगी।
|