विश्व की पूर्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी एमिली मोरेस्मो को उम्मीद है कि पसली में दर्द की वजह से यहाँ जर्मन ओपन से बाहर हो जाने के बाद वह अगले सप्ताह रोम में खेल सकेंगी।
मोरेस्मो मंगलवार को बर्लिन में पहले दौर के मैच से हट गईं। उन्होंने बाद में यह भी कहा कि खाँसी की वजह से उनकी समस्या और बढ़ गई है। अपनी वेबसाइट पर मोरेस्मो ने कहा कि फेडरेशन कप की वजह से मैं कफ की समस्या की ओर ध्यान नहीं दे पाई और अधिक खाँसी के चलते दर्द शुरू हुआ।
उन्होंने कहा कि जब से मैं बर्लिन आई हूँ तब से तेज दर्द की वजह से मैं सामान्य खेल भी नहीं खेल पा रही हूँ। उपचार के दौरान कई टेस्ट हुए और मुझे सावधानी बरतने की सलाह दी गई। यही वजह है कि मैंने खराब प्रदर्शन करने के बजाय टूर्नामेंट से बाहर रहना मुनासिब समझा।
मोरेस्मो ने कहा कि मैं इस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाने की वजह से बेहद निराश हूँ, लेकिन अगले सप्ताह रोम के लिए तैयार होने की पूरी कोशिश करुँगी।
|