रफ्तार के सौदागर भारत के नारायण कार्तिकेयन ने एवन ग्रां.प्री. की फाइनल रेस जीतकर एक बार फिर इतिहास रच दिया।
भारतीय मोटर स्पोर्ट्स टीम के लिए गुजरा हफ्ता ऐतिहासिक उपलब्धियों भरा रहा। भारतीय टीम ने न सिर्फ पी-वन के लिए क्वालीफाई किया और रविवार को बेहद रोचक अंदाज में पहली बार सीजन फाइनल रेस जीत ली।
भारत के 'स्पीड किंग' कार्तिकेयन ने इस फीचर रेस में शुरुआत में पिछड़ने के बाद मेजबान इंग्लैंड के रोबी केर को शिकस्त दी। रफ्तार के इस सौदागर के शानदार प्रदर्शन के बलबूते भारतीय टीम 14वें स्थान से ऊपर उठकर पहली बार शीर्ष 10 टीमों में शामिल हो गई।
इससे पहले कार्तिकेयन ने दिसम्बर में चीन में हुई फीचर रेस में न्यूजीलैंड के जॉनी रीड को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
कार्तिकेयन ने कहा कि मैं रेस के नतीजे से बेहद खुश हूँ। यह बहुत अच्छा मुकाबला था। हमने जीत के लिऐ कड़ी मेहनत की थी और हमने इसे हासिल करके देश को गौरवान्वित किया है। इसके लिए मैं अपने सभी समर्थकों और सहयोगियों का शुक्रगुजार हूँ।
ए-वन टीम इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंदलीब सहगल ने कहा कि हमारे लिए गुजरे हफ्ते में हासिल हुई उपलब्धियों से बढ़कर कुछ भी नहीं है। हम यहाँ जीतने के लिए आए थे और हम अपने मकसद में कामयाब रहे। (वार्ता)
|