चीन के राष्ट्रपति हू जिन्ताओ ने सोमवार को बीजिंग में कड़ी सुरक्षा के बीच मशाल पुन: प्रज्जवलित कर ओलिंपिक के लिए मशाल रिले की आधिकारिक रूप से शुरुआत की घोषणा की। तिब्बती प्रदर्शनकारियों ने यूनान में ऐसे ही आयोजन में बाधा डालने की कोशिश की थी।
यूनान से एक चार्टर्ड विमान से सुबह करीब 9 बजे (स्थानीय समय) चीन पहुँचने के दो घंटे बाद थ्येनआनमन चौक पर समारोह की शुरुआत हुई। समारोह में राष्ट्रपति हू ने मशाल पुन: प्रज्जवलित की और इसे ओलिंपिक चैम्पियन लिउ जियांग को सुपुर्द किया। इसके बाद सबसे बड़ी ओलिंपिक मशाल रिले शुरू हुई।
समारोह के दौरान हजारों रंग-बिरंगे गुब्बारे और फाख्ता छोड़ने के आनंदमय माहौल के बीच हू ने कहा कि मैं बीजिंग 2008 ओलिंपिक खेलों के लिए मशाल रिले की घोषणा करता हूँ।
यह मशाल रिले कल से शुरू होगी और यह पहले कजाक शहर जाने के बाद 135 शहरों में जाएगी। नई दिल्ली में यह मशाल 17 अप्रैल को पहुँचेगी। 130 दिन तक एक लाख 37 हजार किमी की यात्रा करने के बाद यह मशाल 8 अगस्त, 2008 को ओलिंपिक के उद्घाटन समारोह के लिए बीजिंग के नेशनल स्टेडियम पहुँचेगी। रिले के इतिहास में सबसे ज्यादा मशालधारक इसमें भाग ले रहे हैं।
आसमान में चमक बिखेरती आतिशबाजी, खुशी से झूमते जनसमूह, कलाकारों के उल्लासपूर्ण नृत्य, करतबों और कड़ी सुरक्षा के बीच चीन के राष्ट्रपति हू जिनताओ ने इस साल अगस्त में होने वाले बीजिंग ओलिंपिक खेलों की मशाल रैली को रवाना किया।
|