भारत की जानीमानी एथलीट मंजीत कौर पेइचिंग ओलिंपिक की तैयारियों के मद्देनजर ढाई महीने के अभ्यास कम कोचिंग शिविर के लिए अमेरिका जाएँगी।
मंजीत अमेरिका के कैलिफोर्निया के वीएस एथलीट ट्रैक क्लब में अमेरिका के मशहूर फर्राटा धावक केडरिकहिल की देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
मंजीत के इस टूर का प्रायोजक ओमेक्स लिमिटेड है। कंपनी के अध्यक्ष रोहतास गोयल ने आज मंजीत को अपने प्रशिक्षण और यात्रा कार्यक्रम के लिए 34 लाख रुपए का चेक प्रदान किया।
अर्जुन अवार्ड विजेता मंजीत दोहा में आयोजित एशियाई खेलों में स्वर्ण और मेलबोर्न में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर पहले ही अपना झंडा बुंलद कर चुकी हैं। वह भारत की चार गुणा चार सौ मीटर रिले टीम का भी हिस्सा हैं।
इस अवसर पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मंजीत ने कहा कि वह अगले कुछ दिनों में अमेरिका रवाना हो जाएँगी। उन्होंने पेइचिंग ओलिंपिक में पदक जीतने की भी उम्मीद व्यक्त की। मंजीत पंजाब पुलिस में इंस्पेक्टर हैं।
|