विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद को अंबर ब्लाइंडफोल्ड एवं रैपिड शतरंज टूर्नामेंट में शीर्ष पर चल रहे आर्मेनियाई लेवोन एरोनियन तक पहुँचने के लिए अब बाकी बची बाजियों में अपने सारे अस्त्रों का इस्तेमाल करके चारों तरफ से हमला बोलना होगा।
टूर्नामेंट में अब केवल तीन दौर की बाजियाँ होनी बाकी हैं और आनंद अभी चौथे स्थान पर हैं। एरोनियन ने नार्वे के मैग्नस कार्लसन पर पूरे एक अंक की बढ़त बना रखी है और वह आनंद से दो अंक आगे हैं।
इस भारतीय ने तीसरे दौर तक बढ़त बना रखी थी लेकिन इसके बाद वह एरोनियन की बराबरी करने में असफल रहे। एरोनियन ने आनंद से भी अपना मुकाबला जीता और अभी उनके 10.5 अंक हैं।
हंगरी के पीटर लेको नौ अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं जबकि आनंद रूस के व्लादीमीर क्रामनिक, बुल्गारिया के वेसलिन टोपालोव और रूस के अलेक्सांद्र मोरोजेविच प्रत्येक 8.5 अंक लेकर संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
आनंद ब्लाइंडफोल्ड में चार अंक के साथ संयुक्त रूप से सातवें जबकि रैपिड वर्ग में वह 4.5 अंक लेकर अब भी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। एरोनियन ने इस वर्ग में डेढ़ अंक की बढ़त बना रखी है और उनके कुल छह अंक हैं।
आनंद नौवें दौर में उक्रेन के वैसली इवानचुक से भिड़ेंगे जो अंबर टूर्नामेंट के शुरू से लेकर अब तक हर साल इसमें खेले हैं। इवानचुक इस टूर्नामेंट में अभी तक बहुत उत्साहजनक परिणाम नहीं दे पाए हैं लेकिन सभी शीर्ष खिलाड़ी उनसे सतर्क रहते हैं।
नौवें दौर के अन्य मुकाबले पीटर लेको और उक्रेन के सर्गेई कारजाकिन, रूस के अलेक्सांद्र मोरोजेविच और एरोनियन क्रामनिक और कार्लसन अजरबेजान के शखरियार मामेदयारोव और हॉलैंड के लोएक वान वेली तथा बुल्गारिया के वेसलिन टोपालोव और इसराइल के बोरिस गालफैंड के बीच खेले जाएँगे।
इस टूर्नामेंट में एक दौर में ब्लाइंडफोल्ड और रैपिड कुल दो बाजियाँ हो रही हैं और इस तरह से अभी छह बाजियाँ बची हैं जिसमें आनंद अच्छा प्रदर्शन करके एरोनियन तक पहुँच सकते हैं।
|