विश्व के नम्बर तीन खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और एना इवानोविच ने रविवार को पैसिफिक लाइफ ओपन टेनिस टूर्नामेंट में क्रमश: पुरुष और महिला खिताब जीतकर अपने देश सर्बिया को दोहरी खुशी दे दी।
सर्बिया के जोकोविच ने अमेरिका के मार्डी फिश के कड़े संघर्ष पर 6-2, 5-7, 6-3 से काबू पाते हुए वर्ष का अपना दूसरा प्रतिष्ठित एटीपी खिताब जीता।
जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में अपना पहला ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने के दो महीने बाद जोकोविच ने यह खिताब जीता है। तीसरी वरीयता प्राप्त जोकोविच ने कहा कि इस वर्ष मेरे लिए यह स्वप्निल शुरुआत है। सर्बिया की ही इवानोविच ने रूस की स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा को 6-4, 6-3 से पराजित कर वर्ष का अपना पहला डब्ल्यूटीए खिताब जीता। उन्होंने यह मुकाबला एक घंटे 21 मिनट में अपने नाम किया। इवानोविच के कैरियर की यह छठी डब्ल्यूटीए सफलता है। कुज्नेत्सोवा इस सत्र में तीसरी बार फाइनल में हारी हैं।
|